नीट यूजी परीक्षा का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई परीक्षा
संतोष वर्मा
Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) के आयोजन के दौरान उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू द्वारा परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन तथा परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्राधीक्षकों तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।जिले के दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 631 पंजीकृत अभ्यर्थियों के विरुद्ध 561 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 70 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी रखी गई। प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित किया गया।

