झारखंड आंदोलन के पुरोधा बागुन सुम्बरुई की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की लड़ाई के अग्रदूत थे बागुन सुम्बरुई : त्रिशानु राय
संतोष वर्मा
Chaibasa : झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय बागुन सुम्बरुई की पुण्यतिथि पर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षमय जीवन, जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को नमन किया। कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि बागुन सुम्बरुई केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता, आदिवासी स्वाभिमान और जनसंघर्ष की सशक्त आवाज थे।
त्रिशानु राय ने कहा कि स्वर्गीय बागुन सुम्बरुई ने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। वे किसानों, मजदूरों, वंचितों और शोषितों की आवाज बनकर हमेशा संघर्षरत रहे। संसद से लेकर सड़क तक उन्होंने झारखंड और विशेषकर कोल्हान क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने और आदिवासी समाज को राजनीतिक, सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकार दिलाने में स्वर्गीय सुम्बरुई का योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। उनका सादा जीवन, स्पष्ट विचार और जनता के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मौके पर सोशल मीडिया जिला चैयरमैन रवि कच्छप , विक्रमादित्य सुंडी , अजय कुमार , बिक्रम बिरुली , मो.ईस्लाम , बिजय जारिका , शिव दास , सुरज नायक , सुशील दास आदि उपस्थित थे।
