नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के बच्चों के जन्मोत्सव में शामिल हुए उपायुक्त

 नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के बच्चों के जन्मोत्सव में शामिल हुए उपायुक्त



संतोष वर्मा

Chaibasa ः सरकारी विद्यालय के बच्चों के सर्वांगीण विकास, एवं विद्यालय में आनंददायक शैक्षणिक माहौल बनाने के उदेश्य से सरकार द्वारा शुरु किए गए "तिथि भोजन सह जन्मोत्सव " कार्यक्रम का आयोजन आज पश्चिमी सिंहभूम जिला के सरकारी विद्यालयों में किया गया। चाईबासा के आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, असैनिक शल्य चिकित्सक डाक्टर जुझार माँझी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो शामिल हुए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि हर माह 20 तारीख को आयोजित होनेवाले तिथि भोजन सह जन्मोत्सव को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर उपायुक्त के निर्देशानुसार 15 तारीख को आयोजित किया गया है।



 उन्होंने बताया कि जून माह में कुल 21 बच्चों का जन्मदिन है और उन सभी बच्चों के बीच जन्मदिन की खुशियां बाँटने एवं उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए उपायुक्त स्वयं विद्यालय पधारे हैं ये विद्यालय प्रबंधन के लिए गर्व की बात है। उपायुक्त ने जून माह की जन्मतिथि वाले सभी बच्चों के साथ मिलकर केक काटा तथा उन्हें अपने हाथों से केक खिलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा असैनिक शल्य चिकित्सक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ मिलकर बच्चों को उपहार सम्मानित भी किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सरकार के इस महत्वाकांक्षी योजना के उदेश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इस शानदार आयोजन के लिए धन्यवाद दिया साथ ही कार्यक्रम के प्रायोजक सनराईज हास्पिटल की सहभागिता की भी सराहना की। समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए और सरकार तथा जिला प्रशासन इसके लिए निरंतर प्रयासरत है। 



उन्होने कहा कि जन्मोत्सव जैसे कार्यक्रम से समाज के पिछले पायदान के बच्चों में भी अपनत्व की भावना विकसित होती है और इस तरह के आयोजन से वे विद्यालय आने के लिए प्रेरित भी होते हैं। कार्यक्रम को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व विद्यालय के सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर कृमिनाशक दवा खिलाने के अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। कृमि मुक्ति दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर जुझार माँझी ने कहा कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में एनिमिया, कुपोषण, कमजोरी, पेट दर्द तथा पढाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं जो एल्बेंडाजोल टैबलेट खाने से पूर्णतः समाप्त हो जाता है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा इसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार बच्चों को दिया जाता है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post