मंझारी में नशे में धुत्त चाचा ने बहू और भतीजी को कुल्हाड़ी से मार डाला,हत्यारा गिरफ्तार
एक ही परिवार की दो लोगों की हत्या की घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में आरोपी के खिलाफ आक्रोश है
संतोष वर्मा
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव के मारिसाई टोला में शनिवार दोपहर यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां शराब के नशे में धुत चाचा ने अपनी बहू 33 वर्ष ननिका बिरूवा और उनकी 10 वर्षीय बेटी शर्मिला बिरूवा को कुल्हाड़ी से सर पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जाता है कि आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन रोज रात में शराब के नशे में घर पहुंचता था और गाली-गलौज करता था। रोज की तरह रमाय बिरूवा शनिवार को भी दारु के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने पहले तो गाली-गलौज की, इसके बाद पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी बहू नानिका पर वार किया। इसके बाद उसने अपनी भतीजी को भी नहीं छोड़ा। मासूम शर्मिला की भी हत्या कर दी। घटना के समय मृतका का पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गया था। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो पत्नी और बेटी को खून से लथपथ मृत पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत मंझारी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। डोकल सिंह बिरूवा ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई रमाय बिरूवा रोज शराब पीकर घर में झगड़ा करता था और परिवार को परेशान करता था। मंझारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एक ही परिवार की दो लोगों की हत्या की घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में आरोपी के खिलाफ आक्रोश है। लोग यही चर्चा करते सुने जा रहे हैं कि नशे ने किस तरह घर को बर्बाद कर दिया। उधर, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
