मलेरिया उन्मूलन महाभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता आवश्यक : उपायुक्त मनीष कुमार
संतोष वर्मा
Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने जिलेवासियों के नाम जारी अपने संदेश में कहा है कि दिनांक 1 जून से 30 जून 2026 तक पूरे राज्य में मलेरिया रोधी माह-2026 के तहत मलेरिया के विरुद्ध विशेष महाभियान संचालित किया जा रहा है। पश्चिमी सिंहभूम जिला मलेरिया प्रभावित जिलों में शामिल है तथा जिले के कई प्रखंडों में मलेरिया का प्रभाव गंभीर रूप से देखा जाता रहा है। ऐसे में इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उपायुक्त ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें तथा संभव हो तो शरीर को पूर्ण रूप से ढंकने वाले वस्त्र पहनकर सोने का प्रयास करें, जिससे मच्छरों के काटने की संभावना कम हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए पानी को गर्म कर अथवा स्वच्छ तरीके से उपयोग करना चाहिए। घरों के आसपास, बाल्टी, बर्तन या अन्य पात्रों में लंबे समय तक पानी जमा नहीं रहने दें, क्योंकि स्थिर जल मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण होता है। साफ-सफाई बनाए रखते हुए स्वच्छ पानी के उपयोग को प्राथमिकता दें।
उपायुक्त ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, कमजोरी अथवा किसी प्रकार की अस्वस्थता महसूस हो तो उसे नजरअंदाज न करें तथा तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर चिकित्सकीय जांच एवं परामर्श प्राप्त करें। साथ ही उन्होंने जमीन पर सोने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों के साथ-साथ सर्पदंश जैसी घटनाओं का भी खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के लोगों के साथ इन महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करेगा, तो निश्चित रूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले को मलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने सभी जिलेवासियों से मलेरिया उन्मूलन महाभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
