Chaibasa Good News: जगन्नाथपुर का जर्जर पंचायत भवन की जगह बनेगा आधुनिक मार्केट कॉम्पलेक्स

खूशखबरीः जगन्नाथपुर का जर्जर पंचायत भवन की जगह बनेगा आधुनिक मार्केट कॉम्पलेक्स


विधायक सोमाराम सिंकू ने सरकार को लिखा पत्र, जिला परिषद की आय और युवाओं के रोजगार का रखा बड़ा प्रस्ताव

चाईबासा/संतोष वर्मा: जगन्न्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास और रोजगार को नई दिशा देने की पहल करते हुए जगन्नाथपुर के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोमाराम सिंकू ने पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार को पत्र लिखकर जगन्नाथपुर पंचायत मुख्यालय स्थित जर्जर पुराने पंचायत भवन की जगह आधुनिक विपणी भवन (मार्केट कॉम्पलेक्स) निर्माण कराने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि जगन्नाथपुर के मुख्य मार्ग स्थित इंदिरा चौक के समीप पुराना पंचायत भवन वर्षों से जर्जर अवस्था में खड़ा है। भवन के चारों ओर जिला परिषद की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। बाजार के बिल्कुल मध्य में स्थित यह स्थान व्यावसायिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां एक भव्य मार्केट कॉम्पलेक्स का निर्माण कर जिला परिषद के लिए स्थायी आय का नया स्रोत विकसित किया जा सकता है।

जर्जर भवन नहीं, अब रोजगार का केंद्र बने यह स्थान

विधायक सोमाराम सिंकू ने कहा कि वर्तमान में यह भवन अपनी उपयोगिता लगभग खो चुका है। दूसरी ओर, क्षेत्र के सैकड़ों बेरोजगार युवा रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की तलाश में भटक रहे हैं। यदि इस स्थल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त विपणी भवन का निर्माण कराया जाता है तो स्थानीय युवाओं को दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना एक साथ दो उद्देश्यों को पूरा करेगी; एक ओर जिला परिषद की आय में वृद्धि होगी और दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

सरकार से मांगी त्वरित स्वीकृति

विधायक ने प्रधान सचिव/सचिव, पंचायती राज विभाग को भेजे पत्र में आग्रह किया है कि विभागीय प्रक्रिया के तहत जिला परिषद से आवश्यक प्राक्कलन (एस्टीमेट) की मांग कर प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने जोर देकर कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक विकास, बाजार विस्तार और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पहले से मौजूद है विभागीय रास्ता

विधायक की इस पहल को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पंचायती राज विभाग पहले ही जिला परिषद और पंचायतों के माध्यम से विभिन्न अवसंरचनात्मक परियोजनाओं के निर्माण को लेकर प्रक्रिया निर्धारित कर चुका है।

उल्लेखनीय है कि राजेश्वरी बी. (भा.प्र.से.), निदेशक, पंचायत राज, झारखंड ने 16 दिसंबर 2025 को राज्य के सभी उपायुक्तों, उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों, जिला परिषदों, जिला पंचायत राज पदाधिकारियों एवं उप निदेशकों को पत्र जारी कर विभिन्न अवसंरचना निर्माण कार्यों के लिए प्रस्ताव भेजने की एक मानक प्रक्रिया तय की थी।

अधूरी सूचनाओं से लटकते रहे प्रस्ताव

निदेशक पंचायत राज द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया था कि विभाग को अक्सर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए राशि आवंटन का अनुरोध प्राप्त होता है, लेकिन कई प्रस्तावों के साथ आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। इसके कारण स्वीकृति और राशि आवंटन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब होता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए विभाग ने एक निर्धारित प्रपत्र तैयार किया था, जिसमें सभी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था ताकि निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बन सके।

विधायक की पहल के बाद अब निगाहें पंचायती राज विभाग और जिला परिषद की आगामी कार्रवाई पर टिक गई हैं। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जगन्नाथपुर के मध्य स्थित यह जर्जर भवन एक आधुनिक मार्केट कॉम्पलेक्स के रूप में विकसित हो सकता है।स्थानीय लोगों का मानना है कि बाजार के केंद्र में स्थित इस भूमि का सुनियोजित उपयोग न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति देगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार देगा। साथ ही यह परियोजना जिला परिषद के लिए दीर्घकालिक राजस्व का मजबूत आधार बन सकती है।

जगन्नाथपुर में प्रस्तावित विपणी भवन केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक पुनरोद्धार की एक संभावित शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विभागीय प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और यह महत्वाकांक्षी प्रस्ताव कब धरातल पर उतरता है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post