जिला समाहरणालय सभागार में उन्नति का पहिया" योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त नें की बैठक,दिए कई निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि योजना का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय तक आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में नामांकन एवं उपस्थिति को बढ़ावा देना है
santosh verma
पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित "उन्नति का पहिया" योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में एवं परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज की मौजूदगी में जिला चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय पदाधिकारियों के द्वारा भाग लिया गया। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र में छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 में साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत प्रखंड स्तर से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार करते हुए जिला चयन समिति द्वारा जिले के कुल 25 क्लस्टर प्वाइंट तथा 22,006 छात्र-छात्राओं के लक्ष्य को स्वीकृति प्रदान की गई। उपायुक्त ने कहा कि योजना का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय तक आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में नामांकन एवं उपस्थिति को बढ़ावा देना है। इससे विशेष रूप से छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा तथा ड्रॉपआउट दर में कमी लाने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को सभी क्लस्टर प्वाइंट का अवलोकन करने का निर्देश दिया गया और बताया गया कि अवलोकन के दौरान यह सुनिश्चित करना है की साईकिल फिटिंग का कार्य सुरक्षित तरीके से हो।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्ष 2025-26 के अंतर्गत वितरित की गई फिटेड एवं अनफिटेड साइकिलों की अद्यतन स्थिति का प्रतिवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी विद्यालयों एवं संबंधित एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों का सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया जाए। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि स्वीकृत लक्ष्य के अनुरूप साइकिलों की उपलब्धता, परिवहन एवं वितरण की सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया जा सके। उन्होंने वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने पर विशेष बल दिया।
बैठक में योजना से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा लाभुक विद्यार्थियों की सूची का सत्यापन कर वितरण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न होने सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि "उन्नति का पहिया" योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालयों तक उनकी पहुंच को सुगम बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्ध है तथा निर्धारित समयावधि में सभी पात्र छात्र-छात्राओं तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करेगा।
