पश्चिमी सिंहभूम जिले में आयोजित हुआ गृह प्रवेश दिवस, उपायुक्त ने अबुआ आवास योजना की लाभुक का कराया गृह प्रवेश
संतोष वर्मा
Chaibasaःझारखंड राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिले में गृह प्रवेश दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने सदर प्रखंड अंतर्गत मतकमहातु पंचायत के मतकमहातु गांव पहुंचकर अबुआ आवास योजना के तहत नवनिर्मित आवास में लाभुक श्रीमती मेचो देवगम का विधिवत गृह प्रवेश कराया।
इस दौरान उपायुक्त ने लाभुक एवं उनके परिवार को नए घर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अपना पक्का घर प्रत्येक परिवार का सपना होता है और अबुआ आवास योजना के माध्यम से यह सपना साकार हो रहा है। उन्होंने लाभुक से नए आवास का नियमित रख-रखाव करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा परिसर में पौधारोपण करने का भी आग्रह किया।
गृह प्रवेश के उपरांत उपायुक्त ने लाभुक श्रीमती मेचो देवगम को उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा परिवार के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। लाभुक एवं उनके परिजनों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास प्राप्त हुआ है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी लाभुक परिवार को गृह प्रवेश की शुभकामनाएं देते हुए योजना के उद्देश्य एवं सरकार की जनकल्याणकारी सोच की सराहना की। साथ ही क्षेत्र के अन्य पात्र लाभुकों से भी योजनाओं का लाभ उठाने तथा समय पर आवास निर्माण पूर्ण करने की अपील की गई।कार्यक्रम के दौरान सदर चाईबासा अंचलाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, संबंधित पंचायत के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
