Chaibasaःविशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 13 एवं 14 जून को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप

 Chaibasaःविशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 13 एवं 14 जून को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप



मतदाता सूची में नामों के सत्यापन एवं शत-प्रतिशत मैपिंग के लिए मतदाता आगे आएं : उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी

santosh verma

Chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 13 एवं 14 जून 2026 को आयोजित विशेष कैंप में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि उक्त दोनों दिनों में सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर एवं बीएलओ सुपरवाइजर सुबह से निर्धारित समय तक उपस्थित रहेंगे। मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकते हैं तथा आवश्यकतानुसार सुधार, विलोपन, स्थानांतरण अथवा अन्य जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में अब तक लगभग 90 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही एएसडीडी (ASDD) सूची में शामिल मतदाताओं की जांच एवं सत्यापन की प्रक्रिया भी लगभग पूर्ण कर ली गई है। यह उपलब्धि निर्वाचन कर्मियों, बीएलओ, सुपरवाइजरों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शेष बचे मतदाताओं की जानकारी अद्यतन करने तथा मतदाता सूची को शत-प्रतिशत सही एवं प्रमाणिक बनाने के लिए आगामी 13 एवं 14 जून का विशेष कैंप अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे सभी मतदाता जिन्होंने अब तक अपनी मैपिंग नहीं कराई है अथवा जिनका सत्यापन लंबित है, वे अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।मनीष कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित बनाया जाता है। इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र या दोहराव वाले नामों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को विशेष कैंप की जानकारी देकर उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए प्रत्येक मतदाता का यह दायित्व है कि वह अपने निर्वाचन संबंधी विवरणों का सत्यापन कर निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत बनाने में योगदान दे। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे 13 एवं 14 जून को आयोजित विशेष कैंप का लाभ उठाएं और अपनी मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण करें।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post