चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ की 155 वीं कार्यसमिति बैठक सम्पन्न

चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ की 155 वीं कार्यसमिति बैठक सम्पन्न



सदस्यता अभियान में ऐतिहासिक सफलता, जुलाई में होगा वृहद रक्तदान शिविर एवं नवंबर में मनाया जाएगा रजत जयंती समारोह



santosh verma

Chaibasa  ः चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ की 155वीं कार्यसमिति बैठक रविवार, 31 मई 2026 को स्थानीय JH06-टिप्सी रेस्टोरेंट में चेम्बर अध्यक्ष श्री संजय चौबे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में व्यापार, उद्योग, संगठन विस्तार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत संगठन के सदस्यता विस्तार अभियान की समीक्षा के साथ हुई। इस अवसर पर यह जानकारी दी गई कि हाल ही में चलाए गए सदस्यता अभियान के अंतर्गत 13 महिला एवं 109 पुरुष व्यवसायियों सहित कुल 122 नए सदस्यों ने चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ की सदस्यता ग्रहण की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि को संगठन के इतिहास की एक महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कार्यसमिति ने सदस्यता अभियान प्रभारी श्री नितिन प्रकाश एवं सह-प्रभारी श्री मधुसूदन अग्रवाल के नेतृत्व, समर्पण एवं सक्रिय प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित एवं अभिनंदित किया। कार्यसमिति ने विश्वास व्यक्त किया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त, प्रभावशाली एवं व्यापक बनेगा।

बैठक में सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन पर भी विशेष जोर दिया गया। शहर में समय-समय पर उत्पन्न होने वाली रक्त की कमी की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जुलाई माह में एक वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। चेम्बर ने आम नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की है। बैठक का एक अन्य महत्वपूर्ण आकर्षण संगठन के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा रहा। इस वर्ष चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ अपने गठन के 25वें वर्ष में है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को स्मरणीय बनाने के लिए आगामी नवंबर माह में भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ द्वारा विगत 25 वर्षों के दौरान संगठन द्वारा किए गए विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों, उपलब्धियों एवं योगदानों पर आधारित एक विशेष स्मारिका (Magazine) प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया। कार्यसमिति ने इस समारोह एवं स्मारिका प्रकाशन को चाईबासा के व्यापारिक एवं सामाजिक इतिहास का एक यादगार आयोजन बनाने का संकल्प लिया।

संगठन की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यसमिति द्वारा चाईबासा चेम्बर के संविधान में वर्णित प्रावधानों एवं धाराओं के अंतर्गत विचार-विमर्श उपरांत संजय चावला एवं राजेश कुमार मोहता की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया गया। कार्यसमिति ने स्पष्ट किया कि उक्त निर्णय संगठन के हित, अनुशासन एवं संवैधानिक व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया है। निर्णय के अनुसार अब दोनों व्यक्ति चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के सदस्य नहीं हैं। बैठक में संगठन की आगामी योजनाओं, व्यापारिक हितों की रक्षा, स्थानीय उद्योगों के प्रोत्साहन एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी व्यापक चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व अध्यक्ष सह आजीवन ट्रस्टी एवं वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष श्री नितिन प्रकाश, निवर्तमान अध्यक्ष सह आजीवन ट्रस्टी श्री मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री राजीव खिरवाल एवं दुर्गेश खत्री, सचिव नीरज संदवार, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान एवं विवेक सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्यों तथा विभिन्न उपसमितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में सचिव नीरज संदवार ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post