इस मौके पर अध्यक्ष ने सभी मजदूरों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग अपने परिश्रम से समाज को सशक्त बनाता है, इसलिए उनका सम्मान करना हर किसी की जिम्मेदारी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मजदूरों के सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रमिकों के बिना किसी भी व्यवस्था की कल्पना अधूरी है, इसलिए उनके अधिकारों और गरिमा की रक्षा करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान सफाईकर्मियों को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया। इस दौरान श्रमिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। मौके पर उपस्थित कर्मियों ने इस पहल के लिए नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया।
