सरायकेला: गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बड़ा गम्हरिया बस्ती के बागानपारा कारा काटा स्थित झारखंड के महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की प्रतिमा के जीर्णोद्धार की मांग उठी है। सामाजिक कार्यकर्ता फुलकांत झा ने प्रतिमा स्थल की दयनीय स्थिति पर चिंता जताते हुए अविलंब मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कराने की अपील की है।
बताया गया है कि विगत लगभग 15 वर्षों से प्रतिमा स्थल जर्जर अवस्था में है। स्थानीय लोगों एवं युवकों ने मिलकर अस्थायी रूप से घेराबंदी तो कर दी है, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत नहीं हो सकी है। हर वर्ष 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर यहां श्रद्धा-सुमन अर्पित कर जन्म जयंती मनाई जाती है। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक शामिल होते हैं। बच्चों के बीच फल एवं मिठाइयों का वितरण भी किया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त प्रतिमा की स्थापना वर्ष 2005-2006 में स्वर्गीय जितेंद्र प्रमाणिक द्वारा कराई गई थी। उनका लगभग पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, लेकिन प्रतिमा स्थल के रखरखाव की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
फुलकांत झा ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला के छह बार विधायक रहे चंपई सोरेन से मांग की है कि 15 जून से पूर्व प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक विकास कार्य सुनिश्चित कराए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान हो सके।
