सरायकेला: माननीय झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देशन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष DLSA सरायकेला श्री रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत शुक्रवार को प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
प्रभात फेरी सिविल कोर्ट परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) ने हाथों में तख्तियां एवं जागरूकता संबंधी संदेश लेकर आम लोगों को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा न्याय तक आसान पहुंच के प्रति जागरूक किया। प्रभात फेरी से शहर में जागरूकता का माहौल बना और लोगों ने अभियान में रुचि दिखाई।
अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं JHALSA द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कानूनों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, विशेषकर श्रमिक वर्ग एवं वंचित समुदायों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना।
कार्यक्रम के तहत पैरा लीगल वॉलंटियर्स के लिए प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। DLSA सरायकेला के सचिव श्री तौसीफ मेराज ने बताया कि यह आउटरीच अभियान 28 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर आगामी 90 दिनों तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा।
प्रशिक्षण के दौरान PLVs को श्रमिक हित से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों जैसे फैक्ट्री अधिनियम, मातृत्व लाभ अधिनियम एवं वेतन भुगतान अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे समाज के जरूरतमंद वर्गों को सही मार्गदर्शन दे सकें।
विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल मानी जा रही है।
