Chaibasa News: मंगला हाट की सफाई, जल निकासी एवं बाजार व्यवस्था को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने किया निरीक्षण

सड़क एवं नाली मरम्मत कार्य शीघ्र कराने का दिया निर्देश...


चाईबासा/संतोष वर्मा: शहर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्र मंगला हाट की सफाई व्यवस्था, जल निकासी एवं बाजार की समग्र व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद अध्यक्ष श्री नितिन प्रकाश ने शुक्रवार को बाजार क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार परिसर की साफ-सफाई, कचरा उठाव, नालियों की स्थिति तथा आम लोगों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष ने पूर्व में दिए गए सफाई संबंधी निर्देशों की समीक्षा करते हुए संबंधित संवेदक को सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंगला हाट शहर की ऐतिहासिक पहचान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखना नगर परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मछली बाजार के लिए पूर्व में अलग स्थान चिन्हित किया जा चुका है तथा मुर्गा एवं मटन दुकानों के लिए भी व्यवस्थित रूप से अलग व्यवस्था करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि बाजार में स्वच्छता एवं सुचारु व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान बाजार क्षेत्र में दुकानों के बाहर सामान रखे जाने से आम लोगों की आवाजाही में हो रही असुविधा पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में अध्यक्ष ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखें, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा हो और बाजार की व्यवस्था बेहतर बनी रहे। नगर परिषद अध्यक्ष ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा डस्टबिन का नियमित उपयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर निर्माण में नगर परिषद के साथ-साथ आम लोगों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अध्यक्ष ने अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा जहां आवश्यकता हो वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने बाजार क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों की मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि दुकानदारों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद अनुराधा कुमारी, सिटी मैनेजर, जेई, नगर परिषद की टीम,  पूर्व वार्ड पार्षद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार एवं नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post