सरायकेला: उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को खरसावां थाना क्षेत्र के रीडिंग टोला, कातीदिरी गांव में उत्पाद विभाग द्वारा छापेमारी अभियान संचालित किया गया।
छापेमारी के दौरान कुल तीन अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। अभियान में करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ तथा 40 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद सामग्री को विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मामले में संबंधित चुलाई अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा।
