मधुसूदन पब्लिक स्कूल को पराजित कर संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय बना चैंपियन
santosh verma
Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय, चाईबासा ने मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया को एकतरफा मुकाबले में सात विकेट से पराजित कर पहली बार चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया। इससे पूर्व 2010 में ये टीम फाईनल में पहूँची थी जहाँ सुरजमल जैन डी ए वी पब्लिक स्कूल चाईबासा से पराजित होकर उपविजेता से संतोष करना पड़ा था। लगभग 15 बर्षों के लंबे अंतराल के बाद बच्चों की मेहनत के बदौलत मिली सफलता से विद्यालय प्रबंधन गदगद है तथा सभी बच्चों एवं खेल शिक्षक को इसके लिए बधाई दी है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए फाईनल मैच में टॉस संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ जब पहले बल्लेबाजी करने उतरी मधुसूदन पब्लिक स्कूल की पूरी टीम 10.1 ओवर में मात्र 56 रन बनाकर आल आउट हो गई। मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से जयवंत कच्छप ने 19 तथा सावन महतो ने 14 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय की ओर से गेंदबाजी करते हुए सावन गोप ने 11 रन देकर तीन तथा सरीम सज्जाद ने 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। चंदन देवगम एवं सुरज कुमार महतो को दो-दो सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय की टीम ने 10.2 ओवर में मात्र तीन विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। शिवम लाल विश्वकर्मा ने चार चौके की सहायता से सर्वाधिक 22 रन बनाए जबकि सावन गोप ने 17 रनों का योगदान दिया। मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से सावन महतो, अयांश श्रीवास्तव एवं त्रिनाथ प्रधान को एक-एक सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने विजेता टीम को जबकि विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो ने उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया। फाईनल मैच के प्लेयर अॉफ द मैच का पुरस्कार संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा के सावन गोप को दिया गया। यह पुरस्कार उप समाहर्ता प्रभारी हर्ष कुमार ने प्रदान की।
15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब सुरजमल जैन डी ए वी पब्लिक स्कूल के सोहम मैती को, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ का पुरस्कार संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा के सावन गोप को तथा पूरे प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर के आमीर परवेज को दिया गया। ये सभी पुरस्कार मुख्य अतिथि ने प्रदान की। जिला क्रिकेट संघ द्वारा मैच के दोनों अंपायर एवं स्कोरर के साथ-साथ ग्राउंड्समैन को भी व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में इस प्रतियोगिता में शतक लगाने वाले पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर के आमीर परवेज एवं मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया के रौशन सिंह यादव को भी पुरस्कृत किया गया। एक पारी में पाँच से अधिक विकेट हासिल करने वाले जिन सात गेंदबाजों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया उनके नाम इस प्रकार हैं :-
त्रिनाथ प्रधान (12/7) - मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया, हर्षित (10/6) - इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर, दिव्यांश यादव (15/6) - सुरजमल जैन डी ए वी पब्लिक स्कूल चाईबासा, सावन गोप (13/5) - संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा, सावन महतो (16/5) - मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया, अयांश सिन्हा (18/5) - इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर और निलेश कुमार दास (24/5) - पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाईबासा।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त ने बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम के शानदार आउटफील्ड एवं जिला क्रिकेट संघ के कार्यों की सराहना की तथा जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए निरंतर मेहनत कर महेंद्र सिंह धोनी की तरह राज्य एवं देश का नाम रौशन करने को प्रेरित किया।
इससे पूर्व पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ठ अतिथि को पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया। पुरस्कार वितरण समारोह में स्वागत भाषण, मंच का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने की।



