Saraikela/Kharsawan: खरसावां पुलिस की अनोखी पहल, सिलपिंगडा में चला जागरूकता अभियान


खरसावां: सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर खरसावां थाना पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की अनोखी पहल शुरू की है। रविवार को थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में सिलपिंगडा गांव में विशेष ग्राम सभा सह जागरूकता अभियान चलाया गया।

बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण
 
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष, किशोर-किशोरियां और बच्चे शामिल हुए। थाना प्रभारी ने महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, बाल विवाह, सड़क सुरक्षा और अफवाहों से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

बच्चों की सुरक्षा पर जोर

गौरव कुमार ने कहा कि समाज जागरूक रहेगा तो अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के तहत मिलने वाले कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

महिला अधिकार व साइबर ठगी पर चर्चा

महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़खानी और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने और OTP-बैंक डिटेल शेयर न करने की सलाह दी गई। ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा गया।

नशा मुक्ति और अफवाहों से बचाव

युवाओं को शराब व नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। बच्चा चोरी की अफवाहों पर सचेत करते हुए सोशल मीडिया की अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने और पुलिस से पुष्टि करने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा की दी जानकारी
 
हेलमेट, सीट बेल्ट, नाबालिगों को वाहन न देने और यातायात नियम पालन की अपील की गई। Good Samaritan कानून की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क हादसे में घायल की मदद करने वालों को कानूनी सुरक्षा मिलती है।

बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री

कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री बांटी गई। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर कई जानकारियां लीं। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस का मकसद सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सुरक्षित बनाना है। खरसावां पुलिस आगे भी गांव-गांव ऐसे अभियान चलाती रहेगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post