सरायकेला: राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेरमा पंचायत के हाथीसेरेंग गांव में ग्रामीणों की एक आम सभा आयोजित की गई। बाजाय बानरा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में “देशाऊली फाउंडेशन” के सदस्यों ने भाग लिया। सभा में आदिवासी अस्तित्व, सांस्कृतिक पहचान एवं विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि आगामी 3 जून 2026 को श्रमदान के माध्यम से पवित्र देशाउलि स्थल का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके लिए आसपास के गांवों एवं फाउंडेशन से जुड़े लोगों से भी सहयोग की अपील की जाएगी। प्रत्येक घर से एक पोयला चावल एवं 50 रुपये आर्थिक सहयोग देने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा देशाउलि स्थल में शिलापट्ट लगाने, स्थल के चारों ओर साल के पौधे रोपने तथा स्थल का सीमांकन कराने का भी निर्णय लिया गया। सभा में महिलाओं के लिए देशाउलि स्थल में प्रवेश को लेकर सामूहिक सहमति भी बनी।
सभा के दौरान ग्रामीणों के बीच देशाउलि-जयरा स्थल एवं अन्य पवित्र स्थलों के महत्व, दिऊरी की भूमिका तथा पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था पर चर्चा की गई। साथ ही फाउंडेशन द्वारा संचालित सामाजिक कार्यों, कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं वार्षिक उत्सव की जानकारी भी साझा की गई।
सभा में दिऊरी सेलाय पुरती, मुण्डा घनश्याम बानरा, मुण्डा सहयोगी बाजाय बानरा सहित देशाऊली फाउंडेशन की ओर से साधु हो’, पंकज बंकिरा, रविंद्र गिलुवा, गोविंद मुंदुईया एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
