सरायकेला: गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र में हाल ही में लाल बिल्डिंग चौक के आसपास चलाए गए अतिक्रमण मुक्त अभियान से प्रभावित फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की अनुपस्थिति में बड़ा बाबू तरूण ठाकुर को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई यातायात व्यवस्था एवं आमजनों की सुविधा के लिए आवश्यक और सराहनीय कदम है। हालांकि इस अभियान से कई गरीब फुटपाथ दुकानदारों और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास एवं रोजगार की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला महासचिव राजू रजक के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि गम्हरिया बाजार स्थित पुराने भवन का पुनर्निर्माण कर उसे दो मंजिला बनाया जाए तथा वहां फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों को अस्थायी रूप से दुकान आवंटित की जाए, ताकि उनका रोजगार सुरक्षित रह सके और बाजार क्षेत्र भी व्यवस्थित बना रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इस मांग पर जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की।
इस दौरान कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी के.पी. सोरेन, जिला उपाध्यक्ष खिरोद सरदार, जिला मीडिया चेयरमैन सुमंत शर्मा, गम्हरिया प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, सेवा दल के जिला अध्यक्ष गौरी शंकर, प्रखंड महिला अध्यक्ष उर्मिला देवी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

