चाईबासा: बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हेमंत सरकार के खिलाफ हल्लाबोल, खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे दिग्गज नेता

 चाईबासा: बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हेमंत सरकार के खिलाफ हल्लाबोल, खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे दिग्गज नेता









पश्चिमी सिंहभूम जिले में जल जीवन मिशन एवं नल-जल योजना के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद स्थिति बदहालःगीता कोड़ा



बिजली दरों में लगातार वृद्धि और घंटों की कटौती ने आम जनता, छोटे व्यापारियों और किसानों की कमर तोड़ दी हैःमधु कोड़ा

संतोष वर्मा

Chaibasaःचाईबासा शहर में गहराते पेयजल संकट, लगातार बिजली कटौती और बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली हांडी, डब्बे और बर्तन लेकर गौशाला चौक से जिला समाहरणालय तक विशाल रैली निकाली। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। समाहरणालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में जल जीवन मिशन एवं नल-जल योजना के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद स्थिति बदहाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, कई जगह पाइपलाइन बिछाने के बाद भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है, जबकि अधिकांश योजनाओं की राशि की निकासी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए सोलर जलमीनार बंद पड़े हैं और गांव-गांव में चापानल खराब होने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि और घंटों की कटौती ने आम जनता, छोटे व्यापारियों और किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि धरातल पर जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की योजनाओं में भारी अनियमितता हुई है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में पानी और बिजली की स्थिति सबसे खराब है। कई पंचायतों में सोलर जलमीनार शोपीस बनकर रह गए हैं और खराब चापानलों की मरम्मत तक नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि यह आंदोलन जनता की आवाज है और भाजपा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि बिजली-पानी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो भाजपा आम जनता के साथ मिलकर और उग्र आंदोलन करेगी। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से  जवाहरलाल बानरा जेबी तुबिड, भूषण पाट पिंगुआ, अजीत सिंह ,राकेश पोद्दार ,प्रताप कटिहार ,पवन शर्मा, चंद्रमोहन तिउ, सतीश पुरी , चंदन झा , सनी पासवान ,जय श्री बांद्रा, रंजन प्रसाद, रूपा सिंह दास,हर्ष रवानी एवं सभी मंडल के अध्यक्ष, जिला के वरिष्ठ पदाधिकारी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post