Saraikela: गम्हरिया कांग्रेस कार्यालय में बाबू जगजीवन राम की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित

पूर्व जिला उपाध्यक्ष फुलकांत झा बोले – समानता और न्याय के लिए समर्पित था बाबूजी का जीवन


सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित कांग्रेस कार्यालय में भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू जगजीवन राम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष सह पीडीएस संघ के अध्यक्ष फुलकांत झा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अपने संबोधन में श्री झा ने कहा कि आज ही के दिन 5 अप्रैल 1908 को बिहार के चंदवा गांव में बाबू जगजीवन राम का जन्म हुआ था। अपने उत्कृष्ट कार्यों और समाज के प्रति समर्पण की भावना के कारण लोग उन्हें प्यार से ‘बाबूजी’ कहकर पुकारते थे। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने अपना संपूर्ण जीवन समाज में समानता, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। श्री झा ने कहा कि बाबू जगजीवन राम न केवल देश के प्रथम दलित उप-प्रधानमंत्री रहे, बल्कि वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राजनेता और संविधान सभा के सदस्य भी थे। आज उनके विचार और आदर्श समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उनके जीवन और योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, जेपीसीसी के जिला मीडिया चेयरमैन सुमंत शर्मा, बिनोद महतो, शीतल प्रसाद, विद्यासागर पासवान, धनंजय दास, गगनदीप बेरा और आयुष बेरा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post