गोइलकेरा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध साल लकड़ी से भरा ट्रक जब्त
संतोष वर्मा
Chaibasa: गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत संतरा वन प्रक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध साल लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इस दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने गोइलकेरा के गोटांबा गांव के समीप लगभग एक बजे संदिग्ध ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में 44 पीस साल बोटा लकड़ी लदी पाई गई। चालक से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार निवासी कैलाश यादव के रूप में हुई है, जो ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है।
जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि तस्कर गोइलकेरा और मनोहरपुर के बीच जंगल क्षेत्र से लकड़ी लोड कर बिहार भेजने की योजना बना रहे थे।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
