Chaibasa Teacher Salary: फेडरेशन की पहल से वेतन भुगतान प्रक्रिया में तेजी, जल्द मिलेगा बकाया वेतन

झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लॉई फेडरेशन की पहल पर वेतन भुगतान प्रक्रिया में तेजी, सभी विभागों के कर्मियों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद


चाईबासा: झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लॉई फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा आज लंबित वेतन भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं ट्रेजरी पदाधिकारियों के साथ सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता की गई। इस वार्ता के बाद सभी विभागों के कर्मियों के लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आने तथा शीघ्र भुगतान होने की उम्मीद जगी है।

ज्ञात हो कि पिछले दिनों हुए ट्रेजरी घोटाला प्रकरण के कारण ट्रेजरी से वेतन निकासी की प्रक्रिया बाधित हो गई थी, जिसके परिणामस्वरूप इस वित्तीय वर्ष में अब तक मार्च एवं अप्रैल माह का वेतन भुगतान नहीं हो सका, जिससे शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं कर्मचारी गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

इस समस्या के समाधान के लिए फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सर्वप्रथम हाई स्कूल एवं प्लस टू शिक्षकों के वेतन भुगतान के मुद्दे पर जिला शिक्षा पदाधिकारी महोदय से मुलाकात कर वेतन प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने का आग्रह किया। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा आश्वस्त किया गया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से चल रही है तथा इस सप्ताह के अंत तक वेतन बिल ट्रेजरी में भेज दिए जाने की संभावना है।

इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेजरी कार्यालय पहुँचकर ट्रेजरी पदाधिकारियों से वार्ता की, जहाँ सभी विभागों के कर्मियों के वेतन भुगतान से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वेतन बिलों में उपस्थित तकनीकी एवं प्रक्रियागत विसंगतियों को दूर करते हुए ट्रेजरी पदाधिकारियों द्वारा सभी विभागों के वेतन बिल जमा करने हेतु ग्रीन सिग्नल प्रदान कर दिया गया है। साथ ही बिलों के साथ आवश्यक औपचारिकताओं एवं अतिरिक्त दस्तावेजों की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

साथ ही प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय शिक्षकों के आवंटन वितरण में जो अड़चनें थीं, उन्हें भी दूर कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधीक्षक महोदय द्वारा संबंधित कार्यालय को निर्देश दिया गया है कि आवश्यक शपथ पत्र की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर पत्र निर्गत किया जाए, ताकि वेतन भुगतान की प्रक्रिया और तेज हो सके।

फेडरेशन की इस पहल से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि ट्रेजरी स्तर पर रुकी वेतन भुगतान प्रक्रिया अब पुनः सामान्य होने लगी है और अगले कुछ दिनों में शिक्षा विभाग सहित सभी विभागों के कर्मचारियों के खातों में वेतन भुगतान होने की संभावना है, जिससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

आज की वार्ता में झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लॉई फेडरेशन के प्रमंडलीय समन्वयक श्री सपन साहू, जिला अध्यक्ष श्री मनोज राउत, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष श्री अर्जुन पूर्ति, कोषाध्यक्ष श्री मंजीत बांद्रा, उपाध्यक्ष श्री संजय देवगन, प्लस टू के श्री विश्वजीत दत्ता सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

फेडरेशन ने कहा है कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु संगठन लगातार सक्रिय है। आज उपायुक्त महोदय से मुलाकात नहीं हो सकी क्योंकि वे क्षेत्रीय दौरे पर बाहर थे, किंतु कल उपायुक्त महोदय से मिलकर शेष समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि वेतन भुगतान प्रक्रिया पूर्ण रूप से सामान्य हो सके।

फेडरेशन ने सभी कर्मचारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए विश्वास दिलाया है कि शीघ्र ही सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की वेतन समस्या का समाधान होगा और रुका हुआ वेतन भुगतान बहाल किया जाएगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post