दुमका: यज्ञ मैदान स्थित विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित “डिज़नी लैंड मेला” को लेकर विरोध तेज हो गया है। कक्षा 12 (वाणिज्य) के छात्र एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र प्रतिनिधि दीप तिवारी ने मेले के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
दीप तिवारी ने कहा कि विद्यालय का खेल मैदान छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का प्रमुख केंद्र होता है, लेकिन मेले के आयोजन से खेल गतिविधियाँ पूरी तरह बाधित हो रही हैं। मैदान की स्थिति भी खराब हो रही है, जिससे भविष्य में खेल प्रतियोगिताओं पर असर पड़ेगा। उन्होंने इसे छात्रों के अधिकारों का उल्लंघन बताया। उन्होंने स्वच्छता को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। मेले के दौरान प्लास्टिक और खाद्य अपशिष्ट के कारण परिसर में गंदगी फैल रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं। साथ ही, रात्रिकालीन ध्वनि प्रदूषण पर आपत्ति जताते हुए कहा कि देर रात तक लाउडस्पीकर और संगीत से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, खासकर परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। यातायात अव्यवस्था को लेकर भी उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाए। मेले में उमड़ रही भीड़ के कारण आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों और आपातकालीन सेवाओं को दिक्कत हो रही है।
दीप तिवारी ने प्रशासन से कई सवाल पूछते हुए मेले की अनुमति, बिजली आपूर्ति, कर भुगतान और सुरक्षा व्यवस्था पर पारदर्शिता की मांग की है। उन्होंने उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी से हस्तक्षेप कर मेले को तत्काल बंद कराने की अपील की है। साथ ही, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्यभर के स्कूल मैदानों में ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की गई है। वहीं दीप तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में शांतिपूर्ण लेकिन व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जो छात्रों के अधिकारों और स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण की रक्षा के लिए होगा।
