ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
डी० ए० वी० चाईबासा एवं मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया की आसान जीत
संतोष वर्मा
Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए पहले मैच में सुरजमल जैन डी० ए० वी० पब्लिक स्कूल चाईबासा ने डी० पी० एस० पब्लिक स्कूल चाईबासा को 227 रनों से तथा मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया ने आइडियल इंगलिश स्कूल जगन्नाथपुर को 121 रनों से पराजित कर अपना विजय अभियान शुरु किया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर पूर्वाह्न सात बजे से खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गत वर्ष की संयुक्त विजेता रही टीम डी० ए० वी० पब्लिक स्कूल चाईबासा ने निर्धारित बीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 256 रनों का स्कोर खड़ा किया। डी० ए० वी० पब्लिक स्कूल के कप्तान सोहम मैती ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छः चौके तथा पाँच छक्के की सहायता से 67 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में अली अशरफ होदा ने नाबाद 37 रन, नेस्कन हेंब्रम ने नाबाद 30 रन, नमन साहु ने 26 तथा यश यादव ने 18 रनों का योगदान दिया। डी० पी० एस० पब्लिक स्कूल की ओर से केशव प्रैक्टिस ने 50 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रोहन मुंदुइया गौरव मिश्रा एवं प्रियांशु कुमार नाग को एक-एक सफलता हाथ लगी। डी पी एस स्कूल के गेंदबाजों ने आज बेहद खराब गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और 66 अतिरिक्त रन दिए जिसमें 60 वाइड गेंद शामिल है। जीत के लिए 257 रनों के पहाड़ सा स्कोर का पीछा करने उतरी डी पी एस पब्लिक स्कूल चाईबासा की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 5.2 ओवर में मात्र 29 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस विद्यालय की ओर से आयुष निषाद (14 रन) को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। डी० ए० वी० चाईबासा की ओर से दिव्यांश यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 15 रन देकर छः विकेट हासिल किए जबकि दूसरे छोर पर गेंदबाजी कर रहे अभ्युदय अक्षत ने 10 रन देकर चार खिलाड़ियों को चलता किया। डी० ए० वी० पब्लिक स्कूल चाईबासा के दिव्यांश यादव को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैच के स्कोरर राहुल लकड़ा ने मैन आफ द मैच के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
आज ही अपराह्न तीन बजे से खेले गए दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। पारी की शुरुआत करने आए कप्तान समरेश महतो ने नौ चौके तथा एक छक्का की मदद से 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली जबकि दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज शुभ पति ने छः चौके एवं तीन छक्के की सहायता से मात्र पंद्रह गेंदों पर 43 रन ठोक डाले। मो० अली अकमल ने 18, पप्पु यादव ने 13 तथा रौनक महतो ने 10 रनों का योगदान दिया। आइडियल इंगलिश स्कूल जगन्नाथपुर की ओर से अंकुश मुंडा ने 32 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। रेहान अहमद, अंश राज सिंह, कप्तान राजेश कुमार गोप एवं दीपक गुप्ता को एक-एक सफलता हाथ लगी। जबाबी पारी खेलने उतरी आइडियल इंगलिश स्कूल की पूरी टीम 12.5 ओवर में 56 रन पर सिमट गई और 121 रनों से मैच गंवा बैठी। इस टीम की ओर से पारी की शुरुआत करने आए अंकुश मुंडा ने ही थोड़ा बहुत प्रतिरोध किया और पाँच चौके की सहायता से 23 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया की ओर से मो० अली अकमल, साहिल महतो एवं कप्तान समरेश महतो ने तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि मनीष यादव को एक सफलता हाथ लगी। मैच समाप्ति के बाद मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया के कप्तान समरेश महतो को उसके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार मैच स्कोरर संदीप रॉय ने प्रदान की। इससे पूर्व मैच का विधिवत उद्घाटन पूर्व क्रिकेटर सह पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव अनूप बर्मन ने की। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा दोनों कप्तानों एवं अंपायरों की उपस्थिति में टॉस करवाकर मैच प्रारंभ करने की घोषणा की।
ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में कल दो मैच खेले जाएंगे। पूर्वाह्न सात बजे से खेले जाने वाले पहले मैच में गत वर्ष की संयुक्त विजेता टीम संत जेवियर्स इंगलिश स्कूल चाईबासा का मुकाबला इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर से तथा अपराह्न ढाई बजे से खेले जाने वाले दूसरे मैच में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा का मुकाबला मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया से होगा।


