कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के समापन में शामिल होंगे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक तैयारी में जुटे
संतोष वर्मा
Chaibasa: 22 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अन्तर्राष्ट्रीय झारखंड एवं उडीसा राज्य के कांग्रेस जिलाध्यक्षों का आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इस कार्यक्रम के समापन में भाग लेने हेतु लोकसभा के प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के सांसद, विधायक एवं अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर के नेतागण का आगमन होना है वे संगठन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी देंगे। इस कड़ी में बुधवार देर शाम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक सह उप मुख्य सचेतक सत्तारुढ़ दल सोनाराम सिंकु ने चाईबासा परिसदन में तैयारियों का जायजा लिया तथा विस्तृत चर्चा किया । मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि शिविर में संगठन मजबूती, नेतृत्व विकास और जनसंवाद पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे पार्टी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इस शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और नए नेतृत्व को तैयार करना है।उन्होंने बताया कि यह शिविर पार्टी के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा । इस दौरान उन्हें संगठन विस्तार, जनसंपर्क और नेतृत्व क्षमता के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएगी ।
शिविर के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे है, जिनमें संगठन को मजबूत करने, आम जनता से जुड़ने और राजनीतिक रणनीति बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसमें नेताओं को यह सिखाया जाएगा कि कैसे जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को समझकर उन्हें संगठन की नीतियों से जोड़ा जाए । कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्षों को दो दिनों का फील्ड विजिट भी कराया जा रहा है। इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सीधे आम लोगों से संवाद कर रहे है। यह पहल नेताओं को जमीनी हकीकत से रूबरू कराने और जनता की समस्याओं को समझने में मददगार साबित होगी। कई वरिष्ठ नेता देंगे प्रशिक्षण शिविर में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे , इसमें कांग्रेस प्रभारी के.राजू, अजय कुमार लल्लू, भक्त चरण दास और शशिकांत सेंथिल सहित अन्य नेता शामिल होंगे, इसके अलावा विभिन्न सत्रों में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, डॉ इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, शिक्षाविद डॉ अभय सागर मिंज, संजय बसु मल्लिक और दयामनी बारला प्रशिक्षण देंगे ।
मौके पर प्रबंधन टीम के सदस्य युवा कांग्रेस अनुशासन समिति चेयरमैन सौरभ अग्रवाल , कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय , प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां , पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास , संजय कुमार आदि मौजूद थे ।
