उप विकास आयुक्त नें किया तांतनगर प्रखंड के कोकचो, तांतनगर एवं काठभारी पंचायतों में चल रहे विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण
संतोष वर्मा
Chaibasaःशुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार के द्वारा तांतनगर प्रखंड के ग्राम पंचायत कोकचो, तांतनगर एवं काठभारी अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण के दौरान जे.एस.एल.पी.एस सखी मंडल के सदस्यों द्वारा एक एकड़ में तरबूज की खेती, एक एकड़ में स्ट्रॉबेरी की खेती एवं तांतनगर प्रखंड परिसर में सखी मंडल दीदियों द्वारा संचालित मसाला उत्पादन केंद्र का अवलोकन कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त दीदियों को प्रोत्साहित किया गया और अन्य स्वयं सहायता समूह के दीदियों को इसका अनुकरण करने हेतु सुझाव दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना, ग्रामीण विकास अंतर्गत निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण की स्थिति का अवलोकन के साथ लाभुकों को कार्य में तेजी लाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही जलछाजन अंतर्गत एस.सी.टी, विभिन्न प्रकार के कृषि विकास योजनाओं का भी जायजा लिया गया। इसके साथ 15वें वित्त आयोग से निर्मित कोकचो पंचायत भवन और संचालित ज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया गया एवं बेहतर ढंग से क्रियान्वयन हेतु प्रोत्साहित भी किया गया।
स्थल निरीक्षण के क्रम में डीडीसी के द्वारा तांतनगर प्रखंड अंतर्गत काठभारी पंचायत में संचालित कल्याण गुरुकुल का भी स्थल भ्रमण किया गया और मौजूद प्रशिक्षणार्थियों से वार्ता के क्रम में विभिन्न विषयों व प्रशिक्षण की गुणवत्ता के विषय में जानकारी प्राप्त किया गया। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालय काठभारी में 02 कमरा निर्माण की स्थिति का जायजा लिया गया और संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी के कर्मियों को निर्देशित किया गया। स्थल निरीक्षण के उपरांत तांतनगर प्रखंड सभागार में मनरेगा, आवास से संबंधित विभिन्न मानकों में प्रगति से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन कर अपेक्षित प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया गया।
उक्त योजनाओं के कार्यस्थल निरीक्षण के दौरान मुखिया कोकचो एवं चिटीमिटी, सहायक अभियंता एन.आर.ई.पी चाईबासा एवं जिला परिषद चाईबासा, लघु सिंचाई प्रमंडल, एन.आर.ई.पी, जिला परिषद चाईबासा, मनरेगा के साथ सभी संबंधित विभाग के कनीय अभियंता तथा क्रियान्वयन एजेंसी के कर्मी उपस्थित रहे।



