नगर निकाय चुनाव : अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने की प्रेस वार्ता, गिनाईं प्राथमिकताएं, वार्ड-वार समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

 नगर निकाय चुनाव : अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने की प्रेस वार्ता, गिनाईं प्राथमिकताएं, वार्ड-वार समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा



नितिन प्रकाश कहा कि वे सिर्फ वादे करने में विश्वास नहीं करते, बल्कि काम करके दिखाना चाहते हैं

संतोष वर्मा

Chaibasa: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच शुक्रवार की संध्या अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने एक प्रेस वार्ता कर अपने चुनावी एजेंडे और कार्ययोजना की जानकारी दी। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 21 वार्ड हैं और सभी 21 वार्डों में उनके कार्यकर्ताओं को एक-एक रजिस्टर दिया गया है। इस रजिस्टर में संबंधित वार्ड की सभी समस्याएं दर्ज की जाएंगी और यह रजिस्टर पूरे पांच वर्षों तक उपयोग में रहेगा।

नितिन प्रकाश ने बताया कि वे जब भी किसी वार्ड में जाएंगे, सबसे पहले उस वार्ड के रजिस्टर को देखेंगे और उसमें दर्ज समस्याओं के आधार पर प्राथमिकता तय कर समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ वादे करने में विश्वास नहीं करते, बल्कि काम करके दिखाना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे लिखित रूप में यह साबित करना चाहते हैं कि उनका उद्देश्य सिर्फ अध्यक्ष बनना नहीं, बल्कि शहर के लिए काम करना है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नितिन प्रकाश ने कहा कि चाईबासा में सड़क, नाली, गली, बिजली, पानी, मैया सम्मान योजना, राशन कार्ड, पेंशन जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। 

उन्होंने दावा किया कि इन सभी मुद्दों के साथ-साथ शहर के समग्र विकास में उनका योगदान सबसे अहम होगा।

उन्होंने आगे कहा कि शहर के जोड़ा तालाब की सफाई कर उसे स्वच्छ और आकर्षक बनाया जाएगा, ताकि वह चाईबासा की पहचान बन सके। इसके अलावा बस स्टैंड की व्यवस्था में सुधार और मंगला हाट के विकास को लेकर भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

मनोरंजन के साधनों को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन प्रकाश ने कहा कि नगर परिषद के अधीन जितने भी पार्क और सार्वजनिक स्थल हैं, उन्हें व्यवस्थित कर सजाया-संवारा जाएगा। इससे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रेस वार्ता में उन्होंने लीज प्रक्रिया को सरल और शीघ्र करने पर भी विशेष जोर दिया। नितिन प्रकाश ने कहा कि नगर परिषद की प्रक्रियाएं आसान होंगी, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद पत्रकारों ने उनके विजन और कार्ययोजना को लेकर सवाल पूछे, जिनका नितिन प्रकाश ने विस्तार से जवाब दिया और जनता से सहयोग की अपील की।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post