चाईबासा डीसी व एसपी के संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्क्रीनिंग कमेटी की हुई बैठक

 चाईबासा डीसी व एसपी के संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्क्रीनिंग कमेटी की हुई बैठक



नगरपालिका चुनावः चाईबासा एवं चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र अंतर्गत निर्गत अनुज्ञप्ति धारितों से शस्त्र जमा कराने का निर्देश 


संतोष वर्मा 

चाईबासाःपश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में समाहर्ता प्रभारी- जिला सामान्य शाखा देवेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) शिवेंद्र, सदर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, विशेष शाखा पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु मांझी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के निमित्त राज्य निर्वाचन आयोग-झारखंड के द्वारा 5 फरवरी 2026 तक, जिला अंतर्गत दोनों नगरपालिका चाईबासा एवं चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र अंतर्गत निर्गत अनुज्ञप्ति धारितों से शस्त्र जमा कराने का निर्देश प्राप्त है। जिसके तहत चाईबासा शहरी क्षेत्र में कुल 89 अनुज्ञप्ति धारी शस्त्र में से 69 व्यक्तियों के द्वारा हथियार जमा कराया गया है। कुल निर्गत अनुज्ञप्ति में से 15 व्यक्ति/संस्थाओं के द्वारा शस्त्र जमा करने से छूट का आवेदन प्राप्त है, इनमें 6 बैंक संस्थान शामिल हैं और 5 अनुज्ञप्ति धारी व्यक्तियों के द्वारा अपने शस्त्र जमा नहीं करवाए गए। इसी प्रकार चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र अंतर्गत कुल 48 शस्त्र अनुज्ञप्ति जारी है, जिनमें से 45 शस्त्र धारित व्यक्तियों के द्वारा अपना शस्त्र जमा करवाया गया है तथा 1 बैंक संस्थान है और 2 व्यक्तियों के द्वारा अपने शस्त्र को जमा नहीं करवाया गया।

बैठक में उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिया गया कि दोनों शहरी क्षेत्र अंतर्गत शस्त्र जमा नहीं करवाने वाले अनुज्ञप्ति धारी, सूचना उपरांत अगर आज शाम तक अपने शस्त्र जमा नहीं करते हैं, तो उन सभी की अनुज्ञप्ति रद्द कर संलग्न हथियार को जप्त करते हुए झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देश एवं विधिक प्रावधानों के अनुसार संलग्न व्यक्तियों पर विधि कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post