सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित विद्या ज्योति स्कूल के एक शिक्षक ने शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए 12वीं वाणिज्य के छात्रों के लिए ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया, जिसमें देश-विदेश के हजारों छात्रों ने भाग लिया। विद्या ज्योति स्कूल, गम्हरिया में कार्यरत वाणिज्य विभाग के प्रमुख कमलेश कुमार ने 12वीं वाणिज्य के छात्रों के लिए एक प्रभावी ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया। इस वेबिनार का उद्देश्य छात्रों को बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी, समय प्रबंधन और 12वीं के बाद करियर विकल्पों को लेकर सही मार्गदर्शन देना था।
वेबिनार में भारत सहित विदेशों के लगभग 40 स्कूलों के 1000 से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन भागीदारी की। श्री कमलेश कुमार ने छात्रों को परीक्षा की रणनीति, उत्तर लेखन शैली और समय के सदुपयोग के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को सीए, सीएमए, बीबीए, बी.कॉम, आईटीएस और लॉ जैसे विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए सही कोर्स चयन पर मार्गदर्शन किया।
विद्या ज्योति स्कूल के प्रिंसिपल सुनील कुमार झा ने कहा “यह वेबिनार न सिर्फ हमारे स्कूल के छात्रों बल्कि अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए भी बेहद लाभकारी रहा। कमलेश कुमार ने छात्रों को सही दिशा दिखाने का सराहनीय कार्य किया है।”
वेबिनार के अंत में छात्रों ने सवाल-जवाब सत्र में सक्रिय भागीदारी की, जहां उनके सभी शंकाओं का समाधान किया गया। छात्रों ने इस वेबिनार को उपयोगी बताते हुए आयोजक का आभार जताया। शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की पहल निश्चित रूप से छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।

