NALSA वीर परिवार सहायता योजना 2025 को लेकर सरायकेला-खरसावां में विशेष जागरूकता अभियान


सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा NALSA वीर परिवार सहायता योजना (VPSY)–2025 के तहत पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री रामशंकर सिंह के मार्गदर्शन में पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर संचालित किया गया, ताकि योजना की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित पैरा लीगल वालंटियर्स ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारजनों को योजना के उद्देश्य, उनके कानूनी अधिकारों तथा VPSY–2025 के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि यह योजना रक्षा कर्मियों एवं उनके परिवारों को कानूनी, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं के समाधान हेतु सहायता प्रदान करने के लिए लागू की गई है। कई स्थानों पर घर-घर जाकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जहां वालंटियर्स ने पूर्व सैनिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

इस जागरूकता कार्यक्रम को पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और इसे न्याय तक सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि योजना का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र पूर्व सैनिक और उनके परिवार तक पहुंच सके।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post