सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के नारी सशक्तिकरण विभाग की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। आकाशवाणी चौक पर कांग्रेसियों ने पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गिरधारी लाल साहू ने लड़कों की शादी और महिलाओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की, जिससे देशभर में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है।
आदित्यपुर में हुए इस प्रदर्शन का संचालन पूर्व नगर अध्यक्ष संतोष सिंह ने किया।
प्रदेश सचिव सह कोल्हान प्रभारी, इंटक: राणा सिंह ने कहा “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तराखंड और बिहार के मुख्यमंत्रियों से पूछते हैं, क्या लड़की कोई खरीद-बिक्री की वस्तु है? भाजपा शासित राज्यों में बेटी-बहू सुरक्षित नहीं हैं। अब समय आ गया है - भाजपा भगाओ, बेटी बचाओ।”
वरीय कांग्रेसी दिवाकर झा ने गिरधारी लाल साहू की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भाजपा सरकार से समर्थन वापस लेने की अपील की। समरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा “राष्ट्रीय महिला आयोग को स्वतः संज्ञान लेते हुए साहू के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्यक्रम में महिला जिलाध्यक्ष संगीता प्रधान सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि देश की किसी भी बेटी के मान-सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि ऐसी अमर्यादित टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने साफ संदेश दिया है - बेटी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। प्रदर्शन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।