Saraikela: राजद ने पिकनिक सह वन भोज के बहाने पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया, जिले में 01 लाख पेड़ लगाने का लिया संकल्प

चांडिल में राजद का पर्यावरण संदेश, औद्योगिक प्रदूषण पर अर्जुन यादव की सख्त चेतावनी.....


सरायकेला: राजद का पिकनिक सह वन भोज कार्यक्रम बना पर्यावरण संरक्षण का सशक्त मंच। चांडिल डैम के समीप स्थित शीश महल में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल, सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित पिकनिक सह वन भोज कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण बचाने को लेकर बड़ा संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष गाजु साव ने की, जबकि राजद के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति द्वारा वृक्षारोपण अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में अर्जुन प्रसाद यादव ने बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण, नदियों में रासायनिक अपशिष्ट के प्रवाह और जंगलों की अंधाधुंध कटाई पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता बन चुका है। राजद इस गंभीर मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएगा और ठोस कार्रवाई की मांग करेगा।

वहीं, वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे जिले में लगभग एक लाख वृक्षारोपण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने इको-सेंसिटिव जोन के आसपास संचालित स्पंज आयरन और पावर प्लांट से फैल रहे प्रदूषण को गंभीर बताते हुए इसे अविलंब रोकने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी मुद्दों पर एक मांग पत्र तैयार कर शीघ्र ही शिष्टमंडल के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाएगा।

कार्यक्रम में महिला सेल जिला अध्यक्ष शुशीता बारीक, अनुसूचित जाति प्रदेश उपाध्यक्ष सिया राम, जय किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर मालाकार, श्रमिक प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव राज कुमार यादव, अनुसूचित जनजाति प्रदेश प्रधान महासचिव राम साय सोरेन, सहित पुष्पा सिंह, राज कुमारी सिंह, रामेश्वर सिंह यादव, पिन्टु यादव, श्याम सुंदर साहु, बाहा बास्के, लक्ष्मी पुर्ति, देव प्रकाश देवता, सावित्री टुडु, यशोदा गोप, कुन्ती महतो, अनिता महतो, सुरेश सिन्हा, रीता सरदार, आशुतोष राणा, रामानंद महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समिति के सदस्य और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिला प्रवक्ता राजद एवं वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के प्रवक्ता मुकेश झा ने किया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post