घाटशिला: घाटशिला के HCL फुटबॉल मैदान, मौऊभंडार में पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन जी की 62वीं जन्म जयंती की स्मृति में “दौड़ेगा घाटशिला” (Run For RDS) कार्यक्रम एवं RDS फाउंडेशन का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व माननीय पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सूरजमनी सोरेन एवं विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के कर-कमलों से कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
“दौड़ेगा घाटशिला” दौड़ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और मनोबल बढ़ा।
इस अवसर पर RDS फाउंडेशन की ओर से घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा को अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला को समर्पित किया गया। साथ ही माटीकला भवन, लालडीह में निःशुल्क RDS अकादमी कोचिंग केंद्र की स्थापना की घोषणा की गई।
इसी क्रम में घाटशिला स्थित पार्टी संपर्क कार्यालय के सामने माननीय पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की प्रतिमा तथा पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इसके अलावा RDS फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र की भी शुरुआत की गई।
जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि RDS फाउंडेशन घाटशिला के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर सुख–दुःख में घाटशिला वासियों के साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने खेल, स्वास्थ्य और शिक्षा के माध्यम से समाज सेवा का मजबूत संदेश दिया।



