सरायकेला: सरायकेला जिले के गम्हरिया स्थित विद्या ज्योति स्कूल की कराटे टीम आगामी फेडरेशन गेम्स 2025 में भाग लेने के लिए वाराणसी रवाना हो रही है। यह राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता 6 और 7 दिसंबर 2025 को सनवैली पब्लिक स्कूल, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में आयोजित की जाएगी।कोच अमित कुमार झा के नेतृत्व में विद्यालय के 9 प्रतिभाशाली छात्र इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। प्रस्थान से पहले विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार झा ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय को अपनी कराटे टीम पर पूर्ण गर्व है और उन्हें विश्वास है कि टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और राज्य का नाम रोशन करेगी।प्रतियोगिता में राज्य फेडरेशन की ओर से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 5000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा। टीम 5 दिसंबर को वाराणसी के लिए रवाना होगी।विद्या ज्योति स्कूल परिवार ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और शानदार प्रदर्शन की कामना की है।
