सरायकेला: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर कटिंगबेड़ा में गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दूजोधन मंडल, उम्र 35 वर्ष, के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार शाम किसी बात को लेकर दूजोधन मंडल गुस्से में घर से निकल गया था। रात भर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। सुबह स्थानीय लोगों ने प्रदीप मंडल की जमीन पर स्थित केंदू के पेड़ से रस्सी के सहारे उसका शव झूलता देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि हर एंगल से मामले की तफ्तीश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच रही है।
