सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड में आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। साथ ही देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस स्थापना दिवस की एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज़ है, जिसने आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान निर्माण तक लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को मजबूत किया है। नेताओं ने संकल्प लिया कि वे नफ़रत, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ सत्य, साहस और संविधान की रक्षा की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ पूर्व जिला उपाध्यक्ष फुलकांत झा, जेपीसीसी के जिला मीडिया चेयरमैन सुमन शर्मा, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी के इंद्रकांत झा उर्फ इशु झा, अरविंद सिंह, समीर गोराई, युवा पात्र, मिलन दत्त, सुनील, रंजीत पासवान, अमित दास, अशोक सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “जय हिंद, जय कांग्रेस” के नारों के साथ किया गया।
