Saraikela/Gamharia: बीरराजपुर स्टेशन के पास अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से फैली सनसनी

बरगद के पेड़ से लटकने के प्रयास में गिरने से मौत की आशंका...


सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरराजपुर स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना शनिवार 27 दिसंबर की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए गम्हरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामचंद्र रजक ने मृतक की तस्वीर जारी कर आम लोगों से पहचान करने की अपील की है। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उक्त व्यक्ति ने बीरराजपुर स्टेशन के समीप बरगद के पेड़ पर आत्महत्या का प्रयास किया था।

इसी दौरान फंदा टूटने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पेड़ से फंदा टूटा हुआ लटका मिला है, जबकि फंदे का आधा हिस्सा मृतक के गले में पाया गया। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान हैं। शव के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है। मृतक ने सफेद रंग की छींटदार टी-शर्ट के ऊपर धारीदार रंगीन शर्ट पहन रखी थी, वहीं नीचे हरे रंग का ट्राउजर पहना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो या उससे संबंधित कोई जानकारी रखता हो, तो वह जल्द से जल्द गम्हरिया थाना से संपर्क करे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post