सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा टोल प्लाज़ा स्थित कांड्रा मोड़ पर बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में गुरुजी चौक नामकरण एवं 25 फीट विशाल प्रतिमा स्थापना के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। गुरुजी विचार मंच केंद्रीय समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंडी अस्मिता और विरासत के प्रति गहरी भावनाएं देखने को मिलीं।
जिले के कांड्रा टोल प्लाज़ा परिसर बाबा दिशोम गुरु शिबू – विचार गुरुजी के नारों से गूंज उठा। गुरुजी विचार मंच के केंद्रीय समिति द्वारा प्रस्तावित गुरुजी चौक का नामकरण तथा गुरुजी की 25 फीट ऊँची विशाल प्रतिमा के शिलान्यास का कार्यक्रम बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
गुरुजी की जीवनी, संघर्ष और झारखंडी पहचान को संरक्षित करने के संकल्प के साथ मंच के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने एकमत होकर कहा कि यह चौक झारखंड आंदोलन और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गुरुजी शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी और झारखंड आंदोलन के गौरवशाली इतिहास को जीवित रखेगी। उन्होंने कहा कि कांड्रा से खरसावां और चाईबासा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बनने वाला यह गुरुजी चौक क्षेत्र की पहचान का नया केंद्र बनने जा रहा है।





