Saraikela: अवैध विदेशी शराब निर्माण का भंडाफोड़, विदेशी शराब बनाने की सामग्री बरामद


सरायकेला: आसन्न नव वर्ष के मद्देनज़र उपायुक्त सरायकेला के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में प्राप्त गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार, 04 दिसंबर 2025 को गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित गंजिया बैराज के निकट ज्योति भट्ठा के पास जंगली इलाके में बने एक अस्थायी मकान पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग ने एक बड़े अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया।

मौके से लगभग 200 लीटर स्पिरिट, 50 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब तथा लगभग 2 लीटर कैरामेल जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त भारी मात्रा में बोतल बंद करने के उपकरण, विभिन्न ब्रांडों के नकली लेबल, ढक्कन, कॉर्क, खाली बोतलें, रंग एवं फ्लेवर मिलाने वाली सामग्री और नकली ब्रांडेड शराब की पेटियां बरामद की गईं। बरामद बोतलों पर मैकडॉवेल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिज़र्व, रॉयल चैलेंज, आइकॉनिक आदि लोकप्रिय ब्रांडों के नकली लेबल लगे हुए थे।


उत्पाद विभाग के अनुसार यह अवैध फैक्ट्री लंबे समय से सक्रिय थी और बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार कर विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। छापेमारी के दौरान आरोपित मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान सुनिश्चित करने हेतु खुफिया स्तर पर जानकारी एकत्र की जा रही है तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सभी आरोपितों पर उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

कार्रवाई में उत्पाद विभाग सरायकेला के अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं प्रतिनियुक्त जवान, पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग के निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, रामदास भगत, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, रामदेव पासवान तथा गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक दल-बल के साथ शामिल रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post