सरायकेला: सरायकेला–खरसावां जिले के परिषदन सभागार में आज झारखण्ड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं विधायक उदय शंकर सिंह ने की।
इस समीक्षा बैठक में विधायक श्वेता सिंह, जीग्गा सुसारण होरो तथा पोटका विधायक संजीव सरदार भी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के खनन, प्रदूषण नियंत्रण, श्रम, स्वास्थ्य सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
समिति ने जिला खनन पदाधिकारी से जिले में संचालित खदानों, बालू घाटों की स्थिति और राजस्व संकलन की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली की जा रही है। वहीं अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई, दर्ज प्राथमिकी और जब्त वाहनों की जानकारी भी समिति को दी गई। समिति ने अवैध खनन पर सख्त और निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रदूषण नियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान समिति ने सभी औद्योगिक इकाइयों में एयर पॉल्यूशन कंट्रोल यूनिट की अनिवार्य स्थापना, पर्यावरणीय मानकों का पालन, पौधारोपण, चाहरदीवारी निर्माण और सड़कों पर नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदूषण संबंधी शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया।
बैठक में श्रम अधीक्षक को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने और श्रम कानूनों के अनुपालन की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। नियोजन पदाधिकारी को स्थानीय लोगों को 75 प्रतिशत रोजगार का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग को बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित और वैज्ञानिक निष्पादन के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पेयजल, डीएमएफटी, भू-अर्जन और नगर निकायों से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। समिति ने सभी योजनाओं के पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
