सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड में गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर डॉ. मनमोहन सिंह की दूसरी पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर सादर नमन किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष फुलकांत झा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमामय व्यक्तित्व के प्रतीक थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन को देश की प्रगति और आर्थिक मजबूती के लिए समर्पित किया। उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं जेपीसीसी के जिला मीडिया अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत को वैश्विक पहचान दिलाई और उनका योगदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी के इंद्र कांत झा (ईशु), समीर गोराई, युवा पत्र, मिलन दत्त, सुनील, रंजीत पासवान, अमित दास, अशोक सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. मनमोहन सिंह के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
