चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में उपायुक्त चंदन कुमार के द्वारा बढ़ते ठंड के मद्देनजर रात्रि समय में क्षेत्र का भ्रमण कर चाईबासा शहर के बिरसा चौक, पोस्ट ऑफिस चौक व बस स्टैंड चौक आदि स्थानों पर सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत कंबल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक खुशेन्द्र सोनकेशरी व चाईबासा नगर परिषद की प्रशासक संतोषी मुर्मू उपस्थित रहे। कंबल वितरण के क्रम में उपायुक्त के द्वारा उपस्थित बुजुर्ग जनों को ठंड के मौसम में स्वयं का विशेष ख्याल रखने और आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकालने का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में ठंड से बचाव हेतु जिले के सभी प्रखंडों में क्रमशः सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से कंबल वितरण का कार्य भी जारी है।

