अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 21–23 दिसंबर को चाईबासा में; 32 टीमें लेंगी हिस्सा
अवश्यक तैयारी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने किया मैदान का निरीक्षण
santosh verma
Chaibasaःभारतीय जनता पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई के तत्वावधान में अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 21, 22 एवं 23 दिसंबर को स्थानीय एसोसिएशन फुटबॉल ग्राउंड चाईबासा में किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिलेभर की 32 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल से जोड़ना, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और जिले में खेल गतिविधियों को नई गति प्रदान करना है।
प्रतियोगिता के लिए किसी भी टीम से एंट्री शुल्क नहीं लिया जाएगा। टीम पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तथा टीमों का ड्रॉ 17 दिसंबर को होगा। मैच का खेल समय 15+15 मिनट तथा 5 मिनट ब्रेक सहित कुल 35 मिनट निर्धारित है। खेल का संचालन FIFA नियमों के अनुसार किया जाएगा (ऑफसाइड नियम को छोड़कर)। प्रत्येक टीम में 11+11 खिलाड़ी मान्य होंगे और सभी खिलाड़ियों के लिए जर्सी तथा पहचान पत्र अनिवार्य है। बराबरी की स्थिति में परिणाम पेनल्टी शूटआउट से तय होगा। आयोजन समिति को नियमों में आवश्यकतानुसार परिवर्तन करने का अधिकार रहेगा।
विजेता टीम को ₹1,00,000, द्वितीय उपविजेता को ₹75,000, तृतीय को ₹50,000, तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम को ₹30,000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा हेतु आज मैदान का निरीक्षण पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा के नेतृत्व में किया गया। निरीक्षण दल में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा फुटबॉल एसोसिएशन के अधिकारी शामिल थे। सभी ने मिलकर मैदान व्यवस्था, सुरक्षा, तकनीकी तैयारी एवं आयोजन स्थल की समग्र समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
भाजपा जिला इकाई ने खेलप्रेमियों, खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण खेल आयोजन को सफल बनाएं और युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें।

