Saraikela: आदित्यपुर पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की 4 मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार


सरायकेला: सरायकेला-खरसावाँ पुलिस को अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 13 दिसंबर 2025 को आदित्यपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके दौरान दो शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। अभियान के क्रम में दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें छुपाकर रखने की बात स्वीकार की।


गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि महतो उर्फ पतली (19 वर्ष) और सुरज सोय उर्फ डाकु (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने सुरज सोय उर्फ डाकु के घर से चोरी की दो मोटरसाइकिलें तथा रवि महतो उर्फ पतली के घर सालडीह बस्ती से एक मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं, इनके एक अन्य साथी के सालडीह बस्ती स्थित घर से भी एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनमें हीरो होंडा और स्प्लेंडर प्लस मॉडल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुरज सोय उर्फ डाकु का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आदित्यपुर, ईचागढ़, आर.आई.टी. और कदमा थाना क्षेत्रों में पूर्व से चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने चारों मोटरसाइकिलों को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस सफल अभियान में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्री समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिकी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post