Saraikela: सब्जी दुकानों के अतिक्रमण से जाम हुआ आदित्यपुर थाना रोड; दो मिनट का सफर बना 20 मिनट का, लोग परेशान


सरायकेला: आदित्यपुर थाना रोड इन दिनों स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन चुका है। सड़क किनारे और सड़क के ऊपर सब्जी विक्रेताओं द्वारा दुकानें लगाए जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि वार्ड संख्या 20 स्थित सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों को भी समय पर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सब्जी दुकानों के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे थाना का मुख्य द्वार भी अतिक्रमण की चपेट में आ गया है। शेरे पंजाब से आदित्यपुर थाना तक की दूरी तय करने में जहां पहले महज दो मिनट लगते थे, वहीं अब लोगों को 15 से 20 मिनट तक जाम में फंसना पड़ रहा है। इससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

गौरतलब है कि पूर्व में नगर निगम द्वारा शेरे पंजाब से आदित्यपुर थाना तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। उस दौरान दुकानदारों ने उपनगर आयुक्त पारुल सिंह से आश्वासन दिया था कि थाना रोड पर सब्जी की दुकानें नहीं लगेंगी। बावजूद इसके, एक बार फिर सड़क पर अतिक्रमण नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना और यातायात पुलिस की अनदेखी के कारण स्थिति फिर से जस की तस बन गई है।

इस मामले में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि समस्या को लेकर दो बार पत्राचार किया जा चुका है और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्य उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आता।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब पहले अतिक्रमण हटाया जा चुका था, तो फिर दोबारा सड़क पर दुकानें कैसे लग गईं और स्थानीय थाना ने समय रहते इस पर सख्ती क्यों नहीं बरती।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आदित्यपुर थाना रोड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाए और सड़क पर लगने वाली सब्जी दुकानों को हटाया जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और आम लोगों को राहत मिले। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post