जमशेदपुर: आगामी सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले मैराथन की अंतिम तैयारियों को लेकर गुरुवार, 21 नवंबर को दयाल इंटरनेशनल होटल में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में जमशेदपुर लोकसभा के सांसद बिद्युत बरण महतो, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, सांसद खेल प्रतियोगिता के संयोजक संजीव कुमार समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने बताया कि 23 नवंबर को JRD स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होने वाली मैराथन की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह मैराथन पूरी तरह नि:शुल्क है, जिसमें महिला-पुरुष एथलीट, खिलाड़ी, वेटरन रनर, मॉर्निंग वॉकर, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हो सकते हैं।
एंट्री व व्यवस्था
प्रतिभागियों की एंट्री सुबह 5 बजे से स्ट्रेट माइल रोड स्थित गेट नंबर 5, 6 और 7 से होगी। रिपोर्टिंग समय सुबह 6 बजे निर्धारित है। प्रतिभागी इन्हीं गेटों पर अपना टी-शर्ट प्राप्त करेंगे। पार्किंग की व्यवस्था मोतीलाल पब्लिक स्कूल के सामने बोधि मंदिर मैदान में की गई है।
मैराथन का रूट और सुविधाएँ
दौड़ की शुरुआत सुबह 7 बजे JRD स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगी और वहीं आर्चरी ग्राउंड में समाप्त होगी। पूरे रूट पर हाइड्रेशन प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पानी की व्यवस्था रहेगी। फिनिशिंग पॉइंट पर सभी प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट और नाश्ते की भी व्यवस्था की गई है। महिला और पुरुष, दोनों वर्गों में पहले से पाँचवें स्थान तक के धावकों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पूरे आयोजन के दौरान एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी।
सांसद महतो ने कहा कि इस दौड़ का उद्देश्य "स्वस्थ भारत, समर्थ भारत" एवं फिट इंडिया के संदेश को बढ़ावा देना है। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
मैराथन को सफल बनाने में सिंहभूम जिला एथलेटिक्स टीम, पूर्व सैनिक सेवा परिषद, क्रीड़ा भारती, जय हो टीम, वेटरन स्पोर्ट्स, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि तथा भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।
