सरायकेला/कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विदेशी नकली शराब के तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने के साथ चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, वहीं तीन लग्जरी वाहनों को भी जप्त किया गया है।
कांड्रा थाना अंतर्गत हैप्पी लकी ढाबा के पीछे, केसर के बगल में स्थित एक मकान पर पुलिस ने देर रात छापामारी की। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मकान से भारी मात्रा में अवैध विदेशी नकली शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद की गई बोतलों पर यूके का लेबल चिपका हुआ था, जबकि शराब की पेटियाँ बाहर से पूरी तरह प्लेन थीं, जिन पर कोई विवरण दर्ज नहीं था।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने किया। टीम द्वारा की गई छापामारी में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही तीन महंगे वाहन इनोवा, स्कॉर्पियो और इंडिगो को भी पुलिस ने जब्त किया है।
सूत्रों के अनुसार, इस इलाके में लंबे समय से विदेशी शराब की अवैध खरीद-बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के दारू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि ये नकली विदेशी शराब आखिर कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
कांड्रा पुलिस की इस सफलता ने अवैध कारोबार में लिप्त गिरोहों की कमर तोड़ी है। आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Tags
Alcohol
Alcohol Factory
Illegal Alcohol Syndicate
JHARKHAND
Kandra
Saraikela kharsawan
Saraikela Police
