सरायकेला: जिले में महिला अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि महिलाओं से जुड़े अपराधों को जड़ से मिटाया जा सके। इसी क्रम में गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित नृपराज राजकीय मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सरायकेला में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत के निर्देशानुसार संपन्न हुआ, जिसका नेतृत्व परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने किया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी एसआई कुमारी तिलोत्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने छात्र-छात्राओं को महिला अपराध से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों, पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा कानून, बाल विवाह प्रतिबंध, नशा मुक्ति, डायल-112 आपातकालीन सेवा, तथा साइबर फ्रॉड की शिकायत हेतु टोल फ्री नंबर 1930 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, ऑनलाइन ठगी या अपराध की आशंका होने पर तत्काल अभिभावकों या पुलिस को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम में अफीम व गांजा जैसी अवैध खेती के दुष्परिणामों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल देता है और समाज को अपराध की ओर धकेलता है, इसलिए बच्चों को स्वयं भी इससे दूर रहना चाहिए और दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए।
पुलिस टीम ने बच्चों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के समुदाय को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन और बाल विवाह जैसे गंभीर मुद्दों पर जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित समाज निर्माण में बच्चों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। अभियान में एएसआई नंदिता बिरुआ, आरक्षी कृपा भेंगरा, अंजली मुर्मू तथाअनुराधा मौजूद रहीं। कार्यक्रम को विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों द्वारा सराहना मिली।
