गम्हरिया: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सरायकेला जिला प्रशासन सक्रिय मोड में दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में कांड्रा स्थित मानीकुई स्वर्णरेखा छठ घाट का गम्हरिया अंचल अधिकारी और कांड्रा थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट की सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायज़ा लिया। वहीं, डेंजर ज़ोन को चिन्हित करते हुए बैरिकेड लगाया गया, ताकि प्रतिदिन बढ़ रही भीड़ के बीच कोई भी श्रद्धालु जोखिम वाले क्षेत्रों में प्रवेश न कर सके।
छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट तक आने-जाने वाली सड़कों को दुरुस्त किया गया है, साथ ही प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा–निर्देश भी जारी किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी, और घाट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, गोताखोर, लाइटिंग और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।


